फरीदाबाद। नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में शहर के युवा निशानेबाज आदर्श सिंह ने रजत पदक अपने नाम किया। बृहस्पतिवार को पदक जीतकर जब आदर्श शहर लौटे तो परिवारजनों, मित्रों और खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। आदर्श के पिता हरेंद्र सिंह ने बेटे को मिठाई खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दीं और कहा कि आदर्श की यह सफलता पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि आदर्श शुरू से ही खेलों के प्रति गंभीर रहा है और कड़ी मेहनत के साथ अभ्यास करता है। वहीं आदर्श के कोच ने कहा कि वह अपनी लगन और अनुशासन के दम पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं और सफलता के नए आयाम गढ़ रहे हैं। कोच के अनुसार आदर्श में भविष्य का एक बेहतरीन खिलाड़ी बनने की पूरी क्षमता है।
बता दें कि आदर्श ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल के टीम इवेंट में हिस्सा लेते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। शहरवासियों को उम्मीद है कि आदर्श आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।