फरीदाबाद डिपो के 2000 कर्मचारी 7 अक्तूबर को करेंगे मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के फरीदाबाद डिपो में 18वें त्रिवार्षिक चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव में दो पैनल आमने-सामने हैं। दोनों पैनलों ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करने के साथ ही कर्मचारियों से समर्थन की अपील शुरू कर दी है। डिपो में चुनाव को लेकर कर्मचारियों के बीच चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। मतदान 7 अक्तूबर को कराया जाएगा। फरीदाबाद डिपो में करीब 2000 कर्मचारी मतदान करेंगे।
एक पैनल ने साइकिल को चुनाव चिन्ह बनाया है। इस पैनल से रविंद्र नागर को प्रधान, पवन को उपप्रधान, गौरव को सचिव, संदीप मिश्रा को सह सचिव, संदीप मलिक को कैशियर और कर्मवीर को ऑडिटर पद का प्रत्याशी बनाया गया है। पैनल की ओर से कर्मचारियों से एकजुट होकर मतदान करने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की गई है।
दूसरे पैनल ने उगता सूरज को चुनाव चिन्ह बनाया है। इस पैनल से वीरेंद्र को प्रधान, अजीत को उपप्रधान, मो. जुबेर को सचिव, जितेंद्र को सह सचिव, अशोक को कैशियर और राजेश को ऑडिटर पद का प्रत्याशी बनाया गया है। पैनल ने अपने प्रत्याशियों को कर्मठ, शिक्षित, ईमानदार और संघर्षशील बताते हुए कर्मचारियों से समर्थन मांगा है। दोनों पैनलों की ओर से कर्मचारियों के हितों और संगठन को मजबूत करने के मुद्दों को प्रमुखता से रखा जा रहा है।