शहीद स्मारकों का निरीक्षण करते निगमायुक्त यशपाल यादव ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। निगम के बागवानी विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन की ओर से शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानियों के पार्कों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराया गया। इस दौरान निगम क्षेत्र में स्थित 30 पार्कों और स्थलों को साफ किया गया। निगम आयुक्त ने पांच अभियंताओं व चार मालियों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। वहीं, अतिक्रमण करने पर तीन दुकानदारों का चालान किया है। निगमायुक्त आयुक्त यशपाल यादव ने शुक्रवार को कई उद्यानों एवं ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सेक्टर-17 एवं 19 के उद्यानों, लाल बहादुर शास्त्री चौक पर स्थित रणवीर सिंह हुड्डा उद्यान, हरि मंदिर उद्यान एवं राजीव गांधी उद्यान का दौरा किया।
उन्होंने सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। निगमायुक्त ने लाल बहादुर शास्त्री और रणवीर सिंह हुड्डा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। निगमायुक्त ने कुछ उद्यानों के रखरखाव ठीक नहीं पाए जाने पर कार्यकारी अभियंता एवं अन्य अधिकारियों को इसे ठीक करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनुपस्थित मिले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। गीता मंदिर मार्ग के साथ लगे ट्यूबवेल में अनाधिकृत बैठे व्यक्तियों को बाहर निकालने के निर्देश भी दिए। सीवर के बारे में सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता को स्पष्टीकरण देने के बारे में आदेश किए गए। सेक्टर-16 के अंदर भवन मालिक द्वारा ग्रीन बेल्ट को नुकसान पहुंचाने एवं मलबा फैलाने पर चालान भी करवाया। अवैध निर्माण को जांच के निर्देश भी दिए। ग्रीन बेल्ट को नुकसान पहुंचाने एवं सरकारी संपत्ति का अनाधिकृत उपयोग करने के लिए भी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। निगमायुक्त ने भारत विकास परिषद द्वारा सेक्टर-17 में प्लॉस्टिक के उपयोग से बनाए गए छोटे से उद्यान का निरीक्षण किया। इस नेक कार्य के लिए भारत विकास परिषद की पूरी टीम का धन्यवाद भी किया। आयुक्त ने सेक्टर-17 के बाजार का निरीक्षण किया और दुकानदारों द्वारा अपने सामान को सार्वजनिक स्थानों से हटाने के लिए उनकी प्रशंसा की। सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण पाए जाने पर तीन दुकानदारों का चालान भी किया गया। अन्य निगम के अधिकारी ने भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पार्कों एवं स्मारकों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त पार्कों में अनियमितताएं पाये जाने पर एक कनिष्ठ अभियंता उद्यान और तीन मालियों को आरोप पत्र जारी किया गया। इसके अलावा एक सहायक अभियंता व एक कनिष्ठ अभियंता को चेतावनी पत्र जारी किया गया। आयुक्त ने कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।