गांव के लोगों में रोष, गोरक्षा दल ने किया उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। मोहना गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां कुछ अज्ञात लोगों द्वारा लावारिस गोवंश पर तेजाब डालकर उन्हें बुरी तरह घायल किया गया। घटना की सूचना मिलते ही गोरक्षा दल मोहना की टीम मौके पर पहुंची और घायल गोवंश का उपचार शुरू कराया।
गोरक्षक संदीप ने बताया कि पिछले तीन दिनों के भीतर अब तक चार ऐसे गोवंश मिले हैं, जिन पर तेजाब डालकर उन्हें जलाया गया है। इन घटनाओं से क्षेत्र में रोष का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेजुबान पशुओं के साथ इस तरह की क्रूरता निंदनीय है और यह समाज के लिए चिंताजनक संकेत है।
गोरक्षा दल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल पशुओं का प्राथमिक उपचार कराया और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। टीम के सदस्यों ने बताया कि समय-समय पर इन पशुओं को उचित इलाज उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।
इस दौरान गोरक्षा दल के रवि, प्रमोद, राहुल और प्रशांत ने मिलकर घायल गोवंश की देखभाल की और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।