फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना इलाके की न्यू भारत कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका 32 साल की सपना एनआईटी पांच गांधी कॉलोनी की रहने वाली थी। आरोप है कि दहेज के लिए पति ने चुन्नी से गला दबाकर महिला की हत्या की है। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है। मृतका के पिता कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया गया पांच साल पहले अजय से बेटी की शादी की थी। दोनों की तीन साल की बच्ची भी है। अजय सैलून चलाता है और परिवार न्यू भारत कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है। पुलिस अब आरोपी पति की तलाश कर रही है। ब्यूरो
कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा थाना इलाके में पल्ला सब्जी मंडी के पास कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप व अन्य सामान चोरी कर लिया गया। अशोक एन्क्लेव निवासी अभिषेक ने पुलिस को शिकायत दी है कि वो सब्जी खरीदने मंडी गए थे। वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ था और अंदर से लैपटॉप बैग गायब था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना इलाके में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर बल्लभगढ़ में कार की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति घायल हो गया। घायल हेम कुमार समयपुर गांव के रहने वाले हैं। ये हादसा 24 अगस्त को हुआ। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के भाई रोहतास के बयान पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की गई। ब्यूरो
युवक से मारपीट के आरोप में एफआईआर दर्ज
फरीदाबाद। सेंट्रल थाना इलाके में डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर नोएडा के निठारी से आए एक युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। पीड़ित नोएडा के निठारी निवासी करन अवाना ने पुलिस को बताया कि वे बृहस्पतिवार शाम किसी काम से फरीदाबाद आए थे। इस दौरान एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर बीपीटीपी चौराहे के पास कुछ लोगों ने उनपर हमला कर दिया और मारपीट की। इसमें उन्हें काफी चोट आई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो
युवक को लाठी-डंडो से पीटा
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना इलाके के गांव अनंगपुर में कुछ लोगों ने मिलकर एक युवक को लाठी-डंडो से पीटकर घायल कर दिया। हमले में घायल सतीश भड़ाना को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनका कहना है कि ये काम से जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने इन पर हमला कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो