फरीदाबाद। भनकपुर गांव में जेठ समेत सात-आठ लोगों पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और महिला को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी, लाठी और डंडों से घर के मुख्य गेट, खिड़की-दरवाजे और सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। महिला ने कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई।
भनकपुर निवासी कविता ने बताया कि 21 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे उसका पति ड्यूटी पर गया हुआ था और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसका जेठ करतार, जेठानी संतोष, सास किरपा, ससुर सूमेर, जेठ के साले टिंकू और कैलाश, टिंकू की पत्नी व दो-तीन अन्य युवक उसके घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही सभी ने हमला कर दिया। कविता के अनुसार, टिंकू ने हाथ में ली कुल्हाड़ी से घर का मुख्य गेट तोड़ दिया। इसके बाद सभी आरोपी घर में घुस गए और लाठी, डंडे व कुल्हाड़ी से खिड़की, दरवाजे व घर के सामान में तोड़फोड़ करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने किसी तरह कमरे में घुसकर खुद को बचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को आता देखकर आरोपी वहां से भाग गए। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला की शिकायत ली। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत और मौके के हालात के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद