फरीदाबाद। 40 लाख रुपये की कथित जाली बैंक गारंटी देकर कंपनी से धोखाधड़ी करने के आरोपी रौनक राठौर (40) को थाना सेक्टर-31 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मुंबई की एक फाइनेंस कंपनी के 4.35 करोड़ रुपये बकाया होने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। रिमांड पूरा होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, आरोपी सेक्टर-31 की स्प्रिंगफील्ड कॉलोनी का निवासी है और क्वांटम रिसोर्स कंसल्टेंट्स का संचालक है। आरोप है कि मुंबई की फाइनेंस कंपनी के साथ हुए समझौते के तहत उसने सुरक्षा के तौर पर साउथ इंडियन बैंक की 40 लाख रुपये की बैंक गारंटी दी थी। कंपनी की ओर से बैंक गारंटी की जांच कराई गई तो बैंक ने उसे जाली और अप्रमाणित बताया। इस संबंध में थाना सेक्टर-31 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद