दुबई भागने की फिराक में था, अमृतसर एयरपोर्ट से पुलिस ने दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए महिला को परेशान करने और मिलने के लिए दबाव बनाने के आरोपी को सूरजकुंड थाना पुलिस ने अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी दुबई भागने की फिराक में था। आरोपी की पहचान पंजाब के गुरदासपुर जिले के पनिहार निवासी अभिनंदन उर्फ किट्टू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार फरीदाबाद निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि अभिनंदन करीब एक साल से उसे व्हाट्सएप पर कॉल और मैसेज कर परेशान कर रहा था। वह लगातार गलत और भद्दे संदेश भेजता था। इसके साथ ही महिला पर मिलने के लिए दबाव बनाता था। महिला के मना करने पर आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करने की धमकी दी और गाली-गलौज वाले मैसेज भी भेजे। शिकायत मिलने के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी वर्ष 2024 से दुबई में रह रहा था और वहां प्रॉपर्टी का काम करता है। उसे किसी जानकार के माध्यम से महिला का मोबाइल नंबर मिला था। इसके बाद वह लगातार कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए महिला से संपर्क कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, रक्षाबंधन के अवसर पर आरोपी भारत अपने घर आया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।