- आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आईपीओ में निवेश के बहाने 30.50 लाख रुपये की ठगी में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हरेंद्र गुर्जर मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने राधेश्याम से बैंक खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। आरोपी हरेंद्र 12वीं पास है और बेरोजगार है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है। मामले में खाताधारक कुणाल व राधेश्याम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
ठगी की शिकायत सेक्टर-49 निवासी व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वह इंस्टा पर सर्फिंग कर रहे थे तो शेयर बाजार व आईपीओ में निवेश करके मोटा मुनाफा कमाने का विज्ञापन देखा। उस पर क्लिक कर शिकायतकर्ता ने अपना विवरण भरा। इसके बाद उनके पास व्हाट्सएप पर एक कॉल आई और बाद में उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में शेयर बाजार में निवेश के लिए टिप्स दिए जाते थे। इसके बाद ठगों ने एप डाउनलोड कराया और मुनाफे का भरोसा दिलाया। ठगों की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने आईपीओ में निवेश के नाम पर 30.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में रिफंड करना चाहा तो नहीं करने दिया गया। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।