40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। दोपहर बाद तेज हवाओं और हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। वहीं, 35 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम में ठंडक घोल दी।
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले एक-दो दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
बॉक्स
अगैती गेहूं की फसल को नुकसान
तेज आंधी और हवाओं का असर किसानों की फसलों पर भी पड़ने की आशंका है। जिन किसानों ने समय से पहले गेहूं की बुवाई की थी या हाल ही में सिंचाई की है, उनकी फसल पर इसका सीधा प्रभाव पड़ सकता है। खेतों में खड़ी अगैती गेहूं की फसल के गिरने का खतरा बढ़ गया है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. विनोद मोहन ने बताया कि तेज हवाओं के साथ आई नमी से फसल के झुकने और दाने की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि खेतों में पानी का जमाव न होने दें और मौसम साफ होने के बाद फसल की स्थिति का निरीक्षण करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक-दो दिन तक हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।