1600 श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराने आस्था स्पेशल रवाना
फरीदाबाद से रात 10 बजे अयोध्या के लिए रवाना हुई ट्रेन, मंगलवार को रामलला के दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद से 1600 श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराने लेकर आस्था स्पेशल ट्रेन सोमवार रात अयोध्या रवाना हुई। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-चार पर खास तैयारी की गई थी। शाम सात बजे से लोगों ने स्टेशन पर पहुंचना आरंभ कर दिया। स्पेशल ट्रेन शाम करीब छह बजे स्टेशन पर पहुंच गई। इस दौरान श्रीराम के जयघोष से पूरा ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन गूंज गया।
सोमवार को फरीदाबाद वासी राम लला के दर्शन को लेकर बेहद उत्साहित दिखाई दिए। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से चार मार्च को अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन रात लगभग 10 बजे रवाना हुई। ट्रेन पांच मार्च को 12:55 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। जिले के लोग अयोध्या में जाकर श्रीराम के दर्शन करेंगे। लगभग 1600 लोगों ने टिकट बुक कराई है। ट्रेन में लोगों को चाय, नाश्ता, कंबल और खाना सहित जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अतिरिक्त लोगों के ठहरने की भी व्यवस्था की गई है। फरीदाबाद स्टेशन पर लोगों को छोड़ने के लिए उनके परिजन भी पहुंचे।
-
स्टेशन पर श्रद्धालुओं का करेंगे स्वागत
फरीदाबाद स्टेशन अधीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि आस्था स्पेशल ट्रेन अयोध्या जाने के लिए लगभग 1600 लोग अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुखबीर शर्मा मलेरना सहित अन्य रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। खबर लिखे जाने तक लोग स्टेशन पर आ रहे थे।