-ईद के जश्न के दौरान अवैध हथियार से दिया वारदात को अंजाम
-वार्ड नंबर 14 में हुई घटना, लूटपाट के मामले में है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। वार्ड नं 14 में शनिवार की रात लगभग 8 बजे डीजे की धुन पर नाच रहे एक युवक ने ईद की खुशी में खुलेआम गोली चला दी, जो पास में मौजूद एक बच्चे को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मामला पड़ोस का होने के कारण परिजनों ने इसे मामूली चोट बताकर बच्चे को घर ले आए।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना और सीआईए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज न कराए जाने के कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस युवक ने गोली चलाई वह दिल्ली, एनसीआर और गुरुग्राम में लूटपाट के मामले में आरोपी है और पैरोल पर आया था। उक्त घटना शहर में चर्चा का विषय बन गई। व्यापारी वर्ग और सामाजिक संगठनों ने इस घटना कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सिटी थाना प्रभारी कुलदीप का कहना है कि अभी किसी की पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। हम अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। जो भी दोषी होगा उसकी सजा मिलेगी।