रंजिश में जीजा ने दोस्तों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। होटल में खाना खाने गए युवक व उसके दोस्तों पर जीजा व उसके दोस्तों ने लाठी डंडे व हथौड़े से हमला कर दिया। इस हादसे में सभी युवक घायल हो गए। आरोपी जीजा ने युवक के चाचा की लड़की से प्रेम विवाह किया था। थाना सेक्टर-8 पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
गांव तिगांव निवासी लोकेश ने बताया कि उनका पहले किसी बात को लेकर भारत से झगड़ा हो गया था। करीब नौ माह पहले उनके चाचा की लड़की शीतल से भारत ने प्रेम विवाह कर लिया था, जिस वजह से भारत उनसे रंजिश रखे हुआ था। 21 सितंबर की रात को वह अपने चचेरे भाई योगेश, बिटटू, नितिन, यशपाल और सूरज के साथ बाइकों सेर चिकन खाने के लिए सेक्टर-3 हुड्डा मार्केट में पंजाबी चिकन कॉर्नर पर आए थे। उन्होंने अपने खाने का ऑर्डर दिया। कुछ समय के बाद एक व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधकर आया और अपने हाथों में लिए हुए हथौड़े से उनकी पीठ पर वार कर दिया।
आरोपी ने जब दोबारा से वार करने की कोशिश की तो उसके मुंह का कपड़ा हट गया, जिस पर उन्होंने देखा कि वह आरोपी भारत था। उसके साथ उनके बड़े भाईयों ने बचाने की कोशिश की। देखते ही देखते वहां पर 25 से अधिक लोग इकट्ठा हो गए। सभी उनके व उनके दोस्त व भाईयों के ऊपर लाठी डंडे व हथौड़े से हमला किया। इस हादसे में सभी घायल हो गए। थाना सेक्टर-8 पुलिस ने बुधवार को सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।