-एक घायल, डबुआ थाना इलाके में हुआ हादसा
- डबुआ थाना में पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ थाना इलाके में पेट्रोल पंप जाने के लिए यू-टर्न ले रहे स्कूटी सवार जीजा-साले को पिकअप चालक ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे असलम को कुचलते हुए चालक पिकअप भगा ले गया। इलाज के दौरान असलम ने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में साले फकरुद्दीन के भी हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि डबुआ थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
डबुआ थाना इलाके में ये हादसा बुधवार को हुआ। एसजीएम नगर में रहने वाले फकरुद्दीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके जीजा असलम काॅलोनी में ही सैलून चलाते हैं। बुधवार को दोनों जीजा-साले स्कूटी में पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। सैनिक कॉलोनी मोड़ से यू-टर्न लेने के दौरान पिकअप चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। स्कूटी गिर गई और फकरुद्दीन दूर जा गिरा।
वहीं असलम को कुचलते हुए आरोपी चालक पिकअप भगा ले गया। असलम को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पसलियों में लगी गंभीर चोट के चलते उसकी मौत हो गई। फकरुद्दीन के भी हाथ में फ्रैक्चर आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी पिकअप चालक की तलाश शुरू की है।