जयपुर के युवक के खाते में गए थे ठगी के 2.40 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में रहने वाली महिला को डिजिटल अरेस्ट कर हुई 40 लाख की ठगी में से कुछ रुपये जयपुर के युवक के खाते में पहुंचे थे। इस खाताधारक युवक गौरव ने अपना खाता जयपुर के ही सन्नी व उसने आगे हर्षित को बेचा था। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गौरव के खाते में ठगी के 2.40 लाख रुपये आये थे। सन्नी व हर्षित खाते में आये रुपयों को यूएसडीटी के जरिये ठगों के पास भेजते थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी की ये वारदात ओमैक्स ग्रीन वैली एरिया की रहने वाली महिला से हुई थी। महिला ने शिकायत में कहा कि 11 नवंबर 2024 को उन्हें ट्राई कर्मचारी बनकर युवक ने कॉल की। आरोपी ने कहा कि आपका मोबाइल सिम बंद किया जा रहा है। आरोपी ने कॉल मुंबई पुलिस को ट्रांसफर कर दी। फिर महिला के आधार कार्ड से जुड़े बैंक खाते में 6 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध लेन-देन के आरोप लगाकर केस का डर दिखाया। डिजिटल अरेस्ट कर महिला से 40 लाख रुपये ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी में एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने अब तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।