फरीदाबाद। एनआईटी 3 में बुधवार रात ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के सामने एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दंपती के साथ उनका 9 साल का बेटा भी था, जोकि सकुशल है। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
एनआईटी 3सी ब्लॉक निवासी लवकेश अदलक्खा बुधवार रात करीब 9 बजे एनआईटी दो से अपनी पत्नी प्रीति और बेटे सोमिल के साथ बाइक पर दवा लेकर घर लौट रहे थे। पुलिस को दिए बयान में लवकेश ने बताया कि जब वे ईएसआई चौक से मस्जिद की तरफ जा रहे थे तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में लवकेश और उनका बेटा सोमिल तो सड़क के दूसरी तरफ गिर गए, जबकि प्रीति अदलक्खा सड़क पर गिरी और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। लवकेश को भी चोटें आई। इस दौरान वहां से कार में गुजर रहे एक राहगीर ने तीनों को एस्कॉटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक ने गाड़ी लेकर भागने का प्रयास किया, मगर लोगों ने उसका पीछा किया। इस पर वह ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर एनआईटी तीन चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने प्रीति के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।