साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस अब दोनों को रिमांड पर लेकर कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लोन बंद करने के नाम पर ठगी मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एक युवती और उसके साथी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान ईस्ट दिल्ली की राजबीर कॉलोनी निवासी शिवानी (22) और अशोक नगर निवासी शिवम (25) के तौर पर हुई। शिवम बिहार मधुबनी का मूल निवासी है।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि शिवम अपने साथियों से डेटा लेकर शिवानी को देता था। शिवानी इस डेटा के आधार पर लोगों को कॉल करती और लोन बंद करने का झांसा देकर खाते में रुपये ट्रांसफर कराती। साथ ही फर्जी एनओसी बनाकर वो व्हाट्सएप के जरिये भेज देती थी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों से 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं। इन्हें दो दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
लोन बंद करने के नाम पर 71540 रुपये की ठगी को लेकर ये शिकायत संजय कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी थी। जिसमें आरोप लगाया कि उन्होंने मनी व्यू से लोन लिया हुआ था। इसको बंद करने के लिए 4 अगस्त 2024 को उसने मनी व्यू को ई-मेल किया था। अगले दिन उसके पास एक नंबर से कॉल आई और कहा कि वे लोन बंद करवाते हैं। शिकायतकर्ता की सहमति लेकर लोन बंद करने के लिए उसके पास एक फार्म भेजा गया और साथ ही एक खाता नंबर भी दिया गया। खाते में रुपये ट्रांसफर करा लिए गए और बाद में एनओसी भी जारी की गई। बाद में मनी व्यू के कॉल सेंटर में कॉल करने पर ठगी का पता चला। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अब आरोपियों को गिरफ्तार किया है।