फरीदाबाद। एनआईटी-3 में घर में खेलते समय 2 साल के बच्चे ने बोतल में रखी फिनाइल पी ली। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को दिल्ली रेफर कर दिया।
पिता सुखलाल ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं के रहने वाले हैं और करीब 17 साल से फरीदाबाद में किराये के मकान में रह रहे हैं। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में 3 बच्चे हैं। गोलू उनका सबसे छोटा बेटा है। सुखलाल के अनुसार, दीपावली के मद्देनजर शनिवार को घर में रंग-रोगन का काम चल रहा था। इसी दौरान खेलते हुए गोलू घर में रखी फिनाइल की बोतल तक पहुंच गया और उसमें भरा पदार्थ पी लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे बीके अस्पताल ले गए, जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। परिजनों ने मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। संवाद