सिंगापुर से दो दिन पहले ही लौटे थे सॉफ्टवेयर कंपनी के सीओओ
पार्किंग विवाद में 22 अक्तूबर से बढ़ रहा था तनाव
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-21सी निवासी सॉफ्टवेयर कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (सीओओ) परमजीत की हत्या के मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जिस विवाद ने शुक्रवार रात खूनी रूप ले लिया, उसकी शुरुआत पार्किंग और पालतू कुत्ते को शौच कराने से हुई थी।
आरोप है कि हत्या से कुछ घंटे पहले ही दोनों पक्षों के बीच अनखीर पुलिस चौकी में विवाद हुआ था। यहां आरोपी मोहन शर्मा ने न केवल परमजीत को देख लेने की धमकी दी, बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया था। उसने शाम तक निपटाने की धमकी दी थी। मृतक परमजीत के बेटे शौर्य ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात आरोपी करीब 9 बजे उनके फ्लैट पर पहुंचा और घंटी बजाकर उन्हें नीचे पार्किंग में ले गया। वहां आरोपी ने उसके पिता से कथित तौर पर कहा कि कभी विधवा देखी है, भगवान में विश्वास है, तुझे भगवान के पास पहुंचाता हूं। इसके बाद उसने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शौर्य ने भी उसे निशाना बनाकर गोलियां चलाने का आरोप लगाया है। वह कार की ओट लेकर बच गया, जबकि गोलियां कार में लगीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से 15 खाली कारतूस बरामद किए हैं। मौके से मैगजीन और अलग-अलग तरह के कारतूसों के खोल मिलने की बात भी सामने आई है। एक बैग में करीब 100 कारतूस होने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। आरोपी ने 16 गोलियां चलाई थीं।
22 अक्तूबर को गेट तोड़ने के प्रयास के बाद बढ़ा विवाद
दोनों पड़ोसियों के बीच विवाद लगातार बढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि 22 अक्तूबर को आरोपी ने परमजीत के फ्लैट की पार्किंग के लिए बने गेट को तोड़ने का प्रयास किया था, जिससे गेट क्षतिग्रस्त हो गया था। शुक्रवार को परमजीत के बेटे शौर्य ने गेट ठीक करवाने की बात कही थी। इस पर आरोपी ने कहा था कि वह उसके पिता से बात करेगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और झगड़ा भी हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि मामला अनखीर पुलिस चौकी तक पहुंच गया। आरोप है कि चौकी में भी आरोपी ने अपना आपा खो दिया। उसने परमजीत को शाम तक देख लेने की धमकी भी दी थी। पुलिस चौकी में हुए विवाद के कुछ घंटे बाद ही हत्या की वारदात हो गई।
तीन-चार महीने पहले खरीदा था जर्मन शेफर्ड
पड़ोसियों के बीच विवाद की एक बड़ी वजह आरोपी का पालतू कुत्ता भी बताया जा रहा है। आरोपी मोहन शर्मा ने करीब तीन-चार महीने पहले जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता खरीदा था। आरोप है कि उसका नौकर कुत्ते को कभी लिफ्ट में तो कभी पार्किंग में शौच करवा देता था। इसको लेकर परमजीत और आरोपी के बीच कई बार कहासुनी हुई थी। पार्किंग में गेट क्षतिग्रस्त होने की घटना के बाद दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया था।
तांबे का कारोबार करता था आरोपी
आरोपी मोहन शर्मा तांबे का कारोबार करता था। फिलहाल कारोबार बंद हो चुका है। उसके खिलाफ जीएसटी चोरी का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि इस मामले में वह जेल जा चुका है। करीब दो महीने पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उसके फ्लैट पर छापेमारी की थी। आयकर विभाग भी उसके यहां छापेमारी कर चुका है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पास दो लाइसेंसी हथियार हैं और वह अपने साथ दो-तीन बाउंसर भी रखता था। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल हथियारों और बरामद कारतूसों के संबंध में जांच कर रही है।
महिंद्रा टेक में वाइस प्रेसिडेंट रह चुके थे परमजीत
हत्या का शिकार हुए परमजीत पेशेवर जीवन में भी अच्छी उपलब्धियां हासिल कर चुके थे। उन्होंने हिसार से स्नातक करने के बाद मणिपाल यूनिवर्सिटी से एमबीए किया था। करीब दो साल पहले वह महिंद्रा टेक कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे। इसके बाद उन्होंने सिंगापुर की एफपीटी सॉफ्टवेयर कंपनी में सीओओ का पद संभाला था। वह दो दिन पहले ही सिंगापुर से घर लौटे थे। उनके जीजा मेरठ निवासी राजीव कुमार ने बताया कि परमजीत को ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी से भी नौकरी का प्रस्ताव मिला था, लेकिन वहां रहने की शर्त के कारण उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। वह अपने माता-पिता और परिवार के प्रति बेहद समर्पित थे। इसी वजह से उन्होंने सिंगापुर की कंपनी में भी 15 दिन के लिए घर आने की शर्त पर नौकरी ज्वाइन की थी। उनका बेटा आईआईटी से पढ़ाई कर रहा है।
बाइक राइडिंग का था शौक
परमजीत को बाइक चलाने का काफी शौक था। वह डीआरईआर बाइक ग्रुप से जुड़े हुए थे और अपने ग्रुप के साथ नेपाल की करीब 800 किलोमीटर की यात्रा भी कर चुके थे। केदारनाथ समेत देश के कई हिस्सों में वह बाइक से घूमने जाते थे। वह ईशा फाउंडेशन से भी जुड़े हुए थे और भगवान की भक्ति में रुचि रखते थे। सेहत के प्रति भी काफी जागरूक थे और नियमित रूप से जिम जाते थे। मृतक के बेटे शौर्य ने पुलिस को दी शिकायत में मोहन शर्मा के अलावा उसके भाई हेतराम, पत्नी दिव्या, बेटे और बेटी पर भी इस वारदात में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस सभी आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।