बाटा मेट्रो स्टेशन के पास देर रात हुआ हादसा, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली-मथुरा हाईवे पर बाटा मेट्रो स्टेशन के पास टायर फटने से अनियंत्रित बलेनो कार हाईवे किनारे ग्रिल को तोड़ते हुए पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। राहगीरों व पुलिस ने मदद कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
ये हादसा बुधवार देर रात लगभग 3 बजे हुआ। जवाहर कालोनी व आस-पास की कॉलोनी के रहने वाले 5 दोस्त सारांश, लक्ष्य, राघव, तुषार और यथार्थ ने नए साल पर वृंदावन जा रहे थे। पांचों ग्रेजुएशन की पढ़ाई करते हैं। सारांश कार चला रहा था और लक्ष्य बगल वाली सीट पर और राघव, तुषार और यथार्थ पीछे की सीट पर बैठे हुए थे। हाईवे पर वे बाटा मेट्रो स्टेशन के सामने पहुंचे तो कार का टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर ग्रिल से टकराकर उसे तोड़ते हुए डिवाइडर पर पलट गई। इस दौरान गाड़ी का शीशा टूट गया और चालक सारांश सड़क पर आकर गिरा। सिर में लगी गंभीर चोट के चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लक्ष्य को हल्की चोटें आई और पीछे बैठे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीर वहां रुक गए और पुलिस को सूचना देकर घायलों को कार से बाहर निकाला गया। चारों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सारांश के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के हवाले कर दिया गया।