सेक्टर-49 निवासी सतीश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका मैटल स्क्रैप का काम है। साल 2016 में उन्होंने करीब सात लाख रुपये का एल्यूमिनियम स्क्रैप अपने परिचित सेक्टर 10 निवासी प्रमोद गुप्ता को उधार दिया था। इसकी एवज में प्रमोद गुप्ता ने उन्हें एक चेक दिया, जो बाउंस हो गया। इसके बाद 4.70 लाख रुपये में दोनों के बीच समझौता हो गया, लेकिन दूसरा चेक भी बाउंस हो गया।
सतीश कुमार ने कोर्ट में चेक बाउंस का केस डाल दिया। कोर्ट में हाजिर ना होने पर अदालत ने प्रमोद गुप्ता को भगोड़ा घोषित कर दिया। सतीश कुमार मामले को भूल कर कारोबार में लग गए। अब 14 दिसंबर को सतीश गुप्ता के मोबाइल पर अंजान नंबर से संदेश आया है कि 31 दिसंबर तक तुझे मार दिया जाएगा, अपने साथ चार आदमी लेकर चलें, कहीं भी तेरी अर्थी उठानी पड़ सकती है। सतीश ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।