एचएसआईआईडीसी द्वारा अधिग्रहित जमीनों का मुआवजा कई वर्षों से लंबित है
संवाद न्यूज एजेंसी
छायंसा । आईएमटी चंदावली परियोजना से जुड़े पांच गांवों के किसानों की बकाया मुआवजे की राशि अब भी न मिलने से किसानों में रोष व्याप्त है। इसी मुद्दे को लेकर किसान संघर्ष समिति चंदावली के बैनर तले आगामी 5 नवंबर को एक महापंचायत आयोजित की जाएगी। यह पंचायत गांव चंदावली स्थित धरना स्थल पर सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
किसान संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि यह महापंचायत पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से की जाएगी। समिति का कहना है कि एचएसआईआईडीसी द्वारा अधिग्रहित जमीनों का मुआवजा कई वर्षों से लंबित है, जिससे ग्रामीण किसान आर्थिक रूप से परेशान हैं। समिति ने बार-बार प्रशासन और विभाग को ज्ञापन देकर बकाया राशि की मांग की, लेकिन अब तक किसी ठोस समाधान की दिशा में कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि एचएसआईआईडीसी द्वारा अधिग्रहित जमीनों के बदले कुछ किसानों को आंशिक मुआवजा मिला है जबकि कई किसानों को अभी तक एक रुपया भी नहीं मिला। इस स्थिति में किसानों ने निर्णय लिया है कि अब महापंचायत के माध्यम से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाई जाएगी। पंचायत में पांचों प्रभावित गांव शामिल होंगे।
किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि पंचायत में बकाया मुआवजे की राशि की वसूली को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। समिति ने प्रशासन को पहले ही सूचना देकर कार्यक्रम के शांतिपूर्ण संचालन का आश्वासन दिया है।
इस संबंध में समिति ने सदर थाना बल्लभगढ़ प्रभारी को एक पत्र भेजकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है, ताकि कार्यक्रम बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न हो सके।