फिरोजपुर झिरका। भादस गांव स्थित पशु अस्पताल में कार्यरत एक पशुधन सहायक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मांडीखेड़ा भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गुरमीत सिंह के रूप में हुई है, जो भादस गांव के पशु अस्पताल में पशुधन सहायक के पद पर कार्यरत था। वह बड़कली चौक के पास एक कमरे में अकेला रह रहा था। सहकर्मियों के अनुसार गुरमीत सिंह नशे का आदी था। बताया गया कि मंगलवार को वह ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने कमरे में गया था, लेकिन उसके बाद से उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। जब लगातार कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो सहकर्मियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वे उसके कमरे पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, जहां गुरमीत सिंह कमरे के अंदर मृत अवस्था में पड़ा मिला। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। संवाद