दुर्गंध और लावारिस पशुओं से बढ़ी लोगों की परेशानी, बीमारी फैलने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सारन चौक पर कूड़े का अंबार परेशानी का कारण बनता जा रहा है। यहां कूड़े की वजह से सड़क की एक लेन बंद हो गई है। इससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कूड़े से उठती दुर्गंध के कारण आसपास के इलाके में सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। राहगीर मुंह पर रुमाल या मास्क लगाकर निकलने को मजबूर हैं। वहीं, कूड़े के ढेर पर लावारिस पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आवागमन में बाधा होती है। साथ ही बीमारियों के फैलने का भी खतरा है।
स्थानीय निवासी समीर ने बताया कि कई बार नगर निगम को शिकायत देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कूड़ा हटाने की बजाय हर दिन बड़ा होता जा रहा है। कई बार सफाई की जाती है लेकिन अगले दिन ऐसा ही हाल हो जाता है। इसका स्थायी समाधान होना चाहिए।
दुकानदार अभिषेक का कहना है कि बदबू और गंदगी के कारण ग्राहक भी दुकान पर आने से कतराते हैँ। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि चौराहे से तुरंत कूड़ा हटाया जाए और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा और भी अधिक हो सकता है।