आरोपी गिरफ्तार, गांव अटाली में शिवा टूरिस्ट ढाबे के पीछे खड़ी थी गाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। केजीपी हाईवे पर गांव अटाली के पास अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने पिकअप गाड़ी से 937.930 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से पलवल जिले के गांव बामनी खेड़ा निवासी संदीप को गिरफ्तार किया है।
गाड़ी शिवा टूरिस्ट ढाबे के पीछे खड़ी थी। आरोपी पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, अपराध शाखा सेंट्रल की टीम गांव अटाली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि संदीप पिकअप में अवैध पटाखे लेकर केजीपी हाईवे के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी में बैठे व्यक्ति को काबू कर लिया। पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 34 गत्तों में अलग-अलग तरह के पटाखे रखे मिले। इनमें रॉकेट, बम, बड़े अनार और आसमान में छोड़ी जाने वाली आतिशबाजी शामिल थी। पुलिस के अनुसार, सभी पटाखों का कुल वजन 937.930 किलो था। आरोपी से इन्हें रखने, ले जाने और बेचने के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।