साइबर क्राइम थाना एनआईटी में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी एरिया में रहने वाले व्यक्ति से टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब के बहाने प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 8.58 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने शुरू में निवेश करने पर मुनाफे के साथ रिफंड करने दिया। लेकिन बाद में निवेश कराते रहे और रिफंड नहीं करने दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को ये शिकायत एनआईटी एरिया के रहने वाले निवेश कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 14 मार्च 2025 को टेलीग्राम पर एक महिला का मैसेज आया और उसने पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया। फिर उसने अपनी एक अन्य सहकर्मी से संपर्क कराया। उसने टेलीग्राम ग्रुप जॉइन कराया और वहां टास्क देने लगे। शुरू में कुछ टास्क करने पर शिकायतकर्ता को 1344 रुपये मिले। बाद में प्रीपेड टास्क के तहत निवेश पर मुनाफे का झांसा दिया। 16 मार्च को 11 हजार रुपये निवेश कर दिए। ये निवेश करने पर प्लेटफॉर्म में मुनाफे के साथ 17391 रुपये दिखने लगे। शिकायतकर्ता ने ये अपने खाते में रिफंड कर लिए। 17 मार्च को फिर से 11 हजार रुपये निवेश किए। फिर टास्क पूरा करने के नाम पर और रुपये ट्रांसफर करने को कहने लगे। 15086 रुपये निवेश करने पर 33488 रुपये दिखने लगे तो ये रिफंड कर लिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार 18 मार्च को फिर से 1 लाख रुपये निवेश कर दिए। बाद में आरोपी रुपये ट्रांसफर करने को कहते रहे। आरोप है कि 858534 रुपये निवेश करने पर 1155840 रुपये मुनाफे के साथ दिख रहे थे। लेकिन रिफंड नहीं करने दिया गया। तब शिकायतकर्ता को ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। जिस पर अब साइबर क्राइम थाना एनआईटी में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।