मोहना रोड पर चल रहा है एलिवेटेड रोड का निर्माण, पहले से नहीं दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मोहना रोड पर पिछले 6 महीने से एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके चलते शुक्रवार को आंबेडकर चौक को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। जिसकी वजह से नेशनल हाईवे से सिटी थाने के रास्ते मोहना रोड पर जाने वाले लोगों को अब तिगांव रोड से होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा। वहीं कुछ वाहन मुख्य बाजार के बीच में से होकर मोहना रोड पर जा रहे हैं। जिसकी वजह से मेन बाजार में जाम की समस्या बनी हुई है। अंदरूनी सड़कों पर भी शुक्रवार को जाम रहा। प्रशासन की ओर से पहले से एडवाइजरी जारी किए बगैर ही चौक को शुक्रवार की सुबह अचानक से बंद कर दिया गया।
मोहना रोड पर एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य आदर्श नगर थाने से लेकर सिटी पार्क के पास तक चल रहा है। कुछ समय पहले मोहना रोड पर भारी वाहनों की एंट्री को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया था। लेकिन छोटे गुजर रहे थे। शुक्रवार की सुबह 9 बजे पहले आंबेडकर चौक से मोहना रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया। करीब 11 बजे सिटी थाने से आंबेडकर चौक की ओर आने वाले रास्ते को भी बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। साथ ही यहां पर एक छोटा सा यू टर्न बनाया गया है। पहले लोग गोल चक्कर से घूम कर आसानी से नेशनल हाईवे की तरफ चले जाते थे, लेकिन अब लोगों को गोल चक्कर से मॉडल संस्कृति स्कूल के सामने से यू टर्न लेकर अंबेडकर चौक से नेशनल हाईवे की ओर जाना होगा।
बाईपास जाने के लिए तिगांव रोड का करें इस्तेमाल
नेशनल हाईवे से थाना सिटी, उप मंडल कार्यालय के रास्ते अंबेडकर चौक से होते हुए मोहना रोड के रास्ते दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहनों के लिए शुक्रवार को पूर्ण रूप से एंट्री को बंद कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग और श्री जी कंपनी की ओर से एक नोटिस लगा दिया गया है। जिस पर लिखा हुआ है कि पुल का कार्य प्रगति पर है मोहना रोड पर प्रवेश निषेध है। जिस भी व्यक्ति को बाईपास जाना है, वह तिगांव रोड का उपयोग करें। इसके बाद इस चौक से गुजरने वाले लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
मेन बाजार में लगा जाम
आंबेडकर चौक से मोहना रोड पर जाने वाले वाहनों की एंट्री को बंद करने के बाद बड़े व छोटे वाहन बाजार से होकर मोहना रोड पर जा रहे हैं। जिसकी वजह से मार्केट में जाम लग रहा है।आंबेडकर चौक को बंद कर दिया गया है, लेकिन बाजार में बड़े वाहनों की एंट्री को बंद नहीं किया गया। उसी वजह से बड़े वाहन भी बाजार से होकर गुजर रहे हैं। साथ अंदरूनी सड़कों पर भी जाम की समस्या बनी हुई है।