अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। एसआईआर प्रक्रिया के तहत फरीदाबाद की छह विधानसभा क्षेत्रों में 6.83 लाख नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 98.19 प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों के निपटान के लिए अधिकारियों को 28 अक्तूबर तक का समय दिया गया है।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसआईआर की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित नोटिस, सुनवाई और फॉर्म संख्या 6, 7 व 8 से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले की पृथला, फरीदाबाद एनआईटी, बड़खल, बल्लभगढ़, फरीदाबाद और तिगांव विधानसभा क्षेत्रों में नोटिस जारी करने का कार्य पूरा हो चुका है। इन क्षेत्रों में कुल 6,83,634 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 6,71,287 मामलों में सुनवाई पूरी हो चुकी है। अधिकारियों को इन मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने पर जोर
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही फॉर्म संख्या 6, 7 और 8 से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगराधीश अंकित कुमार ने भी अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से सत्यापन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। सभी लंबित कार्य 28 अक्टूबर तक पूरे करने के निर्देश दिए गए, ताकि पुनरीक्षण की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके।