आईसीआईसीआई लोम्बार्ड का कर्मचारी बनकर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यू कराने के नाम पर एक व्यक्ति के साथ 68 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाना सेक्टर-8 में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के गांव रतनपुर के रहने वाले दीपक कुमार ने बताया कि वह वर्तमान में सेक्टर-62 बल्लभगढ़ में किराये पर रह रहे हैं। 23 फरवरी को उनके मोबाइल पर खुद को आईसीआईसीआई लोम्बार्ड का कर्मचारी बताने वाले शुभम साहू नामक व्यक्ति का कॉल आया। आरोपी ने हेल्थ पॉलिसी रिन्यू कराने की बात कहकर उन्हें आईवीआर कॉल के माध्यम से जोड़ते हुए क्रेडिट कार्ड से भुगतान करवा लिया।
पीड़ित के अनुसार अगले दिन आरोपी ने फिर संपर्क किया और पॉलिसी में अतिरिक्त लाभ जोड़ने की बात कहकर दो और ट्रांजेक्शन कराने की कोशिश की। हालांकि कार्ड की लिमिट कम होने के कारण ट्रांजेक्शन पूरा नहीं हो सका, जिससे उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड से संपर्क किया, जहां कथित कर्मचारी की आईडी भी कन्फर्म कर दी गई।
उसके बाद उन्होंने बैंक में शिकायत की। उसके बाद बैंक की ओर से उन्हें मैसेज प्राप्त हुआ कि 68 हजार 739 रुपये का भुगतान मर्चेंट की ओर से अस्वीकार कर दिया गया है। काफी समय बाद आरोपी ने दूसरे नंबर से फिर कॉल कर अतिरिक्त रकम मांगनी शुरू कर दी। जिस पर उनको शक हुआ की उनके साथ ठगी हुई है।