आरोपियों में खाताधारक व खाता उपलब्ध कराने वाला शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। शेयर मार्केट में निवेश के बहाने 12.50 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने खाताधारक व खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उद्देश्य राकेश दुबे निवासी जिला पालघर, महाराष्ट्र तथा मेहराज निवासी सयुदनगर, जिला पालघर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। दोनों को 5 मई को पालघर, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया ।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-10 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि जुलाई 2025 में उसकी फेसबुक के माध्यम से एक महिला से जान-पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। महिला ने स्वयं को कई वर्षों से इंटरनेशनल मार्केट में ट्रेडिंग करने वाली बताकर उसको अपने झांसे में लिया और शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। महिला ने उसको अधिक मुनाफे का लालच देते हुए कहा कि वह उसके पैसे को भी अपने निवेश के साथ ट्रेडिंग में लगाएगी। इसके लिए उसने शिकायतकर्ता को अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजी, जिनमें उसने कुल 12 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद महिला की ओर से उसको फर्जी निवेश और भारी लाभ दर्शाने वाले स्क्रीन शॉट भेजे गए। जब उसने अपनी राशि वापस मांगनी चाही तो उससे और पैसे जमा करवाने का दबाव बनाया गया। उसके द्वारा मना करने पर ठगों ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मुंबई में रहते हैं। जहां उनकी आपस में पहचान हुई थी। मेहराज ने उद्देश्य का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था। जिसमें ठगी के साढ़े 4 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। उद्देश्य राकेश दुबे को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मेहराज को आगामी पूछताछ हेतु 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।