साइबर क्राइम थाना एनआईटी में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फेसबुक पर संपर्क कर एक महिला ने फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश पर 20 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर ठगी कर ली। एनआईटी नंगला एन्क्लेव एरिया के राजकुमार शर्मा से इस महिला ने 6 लाख 27 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में न तो मुनाफा दिया और न ही रुपये वापस किए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
शिकायतकर्ता राजकुमार शर्मा का कहना है कि फेसबुक पर इनका अकाउंट राज शर्मा नाम से है। कुछ समय पहले एक महिला अंजलि पाटिल ने फेसबुक पर संपर्क किया और फिर दोनों ने एक-दूसरे के नंबर ले लिए। महिला ने कॉल कर कहा कि मैं और आप दोनों ही फॉरेक्स ट्रेडिंग (फॉरेन एक्सचेंज ऑफ मनी) करते हैं। महिला बोली कि आप मेरे साथ फॉरेक्स ट्रेडिंग करोगे तो मैं 20 प्रतिशत मुनाफा दूंगी। मुनाफे की बात सुनकर शिकायतकर्ता महिला के झांसे में आ गए और उसके बताए गए बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करने लगे। कई दिन तक महिला ने भी कुछ पैसा मुनाफे के तौर पर दिए। लेकिन बाद में 6 लाख 27 हजार रुपये न तो वापस किए और न ही मुनाफा दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाने की टीम महिला के मोबाइल नंबर, बैंक खाता नंबर व फेसबुक आईडी के जरिये जांच कर रही है।