फरीदाबाद के यशवंत ने जीता हरियाणा बॉडी बिल्डर का खिताब
फरीदाबाद। नेशनल एमेच्योर बॉडी-बिल्डर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में सेक्टर-37 सामुदायिक भवन में आयोजित राज्यस्तरीय मिस एंड मिस्टर हरियाणा बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता में फरीदाबाद के यशवंत सिंह विजेता रहे। वहीं, राकेश ने उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि उपस्थित दीप प्रोजेक्ट लिमिटेड के डायरेक्टर कनवाल कुमार व आयोजक लोकेश शर्मा दीप प्रज्ज्वलित कर चैंपियनशिप शुरू की। इस दौरान सोनीपत, गुरुग्राम, पानीपत, रोहतक आदि से आए बॉडी बिल्डरों ने शानदार प्रस्तुत दी। अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर लोकेश ने बताया कि प्रतियोगिता में ओवर ओल खिताब यशवंत सिंह ने अपने नाम किया। वहीं राकेश ने जूनियर कैटेगरी में दो स्वर्णपदक जीते। जबकि सीनियर वर्ग-4 में यशवंश सिंह, वर्ग-3 में विकरांत, वर्ग-2 में रंजन सिंह और वर्ग-1 में रोताश शर्मा ने बाजी मारी। वहीं स्पोर्ट्स मॉडल का खिताब सुनील ने अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में जज की भूमिका सुनील, दीपक वर्मा और महेश चौधरी ने निभाई। लोकेश ने बताया कि यहां से विजेता खिलाड़ियों को दिसंबर में आयोजित होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। ब्यूरो