संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के पॉश सेक्टर-15 की मार्केट में मंगलवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हूडा) और नगर निगम ने 60 स्ट्रीट वेंडर दुकानों को तोड़कर हटा दिया। इस दौरान स्ट्रीट वेंडर्स और उनके परिवारों ने जमकर इस कार्रवाई का विरोध और हंगामा किया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई में अड़चन नहीं आई। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बिना नोटिस जारी किए नगर निगम और हुडा विभाग ने कार्रवाई की है।
दुकानदारों का कहना सेक्टर-15 वेंडिंग जोन का मामला पहले ही उच्च न्यायालय में है। दूसरा विधानसभा चुनाव को लेकर शहर में आचार संहिता लगी हुई है। ऐसे में अधिकारी केवल मनमानी कर रहे हैं। कानून को ताक पर रख वेंडिंग जोन में तोड़फोड़ कार्रवाई हुई है। इस संबंध में स्ट्रीट वेंडरों ने कहा कि वह जिला उपायुक्त के पास इन विभागों की मनमानी के विरोध में फरियाद करेंगे।
सेक्टर-15 के बने वेंडिंग जोन में लग रही दुकानों के कारण सेक्टर में अतिक्रमण की समस्या बढ़ गई है। यहां लोगों ने सड़क तक दुकानें बढ़ा ली है। इस कारण सेक्टर में जाम की समस्या बनी रहती है। इससे परेशान सेक्टर-15 के आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सोमवार को पैदल मार्च निकालकर रोष प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन में वेंडिंग जोन को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की थी। इसके बाद मंगलवार को नगर निगम अधिकारियों ने शाम चार बचे स्ट्रीट वेंडरों को नगर निगम बुलाया था। अधिकारियों ने अवैध दुकानों को हटाने का आदेश दिया था। मंगलवार सुबह निगम और हुडा विभाग की टीमें भारी पुलिस बल के सात मार्केट में पहुंची और दुकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी। दूसरी तरफ, दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें कोई नोटिस जारी नहीं किया गया।
-
नगर निगम और हुडा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी निजी तौर पर यहां तोड़फोड़ कार्रवाई कर रहे हैं। जिला उपायुक्त और निगम आयुक्त की ओर से दुकानें हटाने का आदेश जारी नहीं किया है। दोनों विभागों ने नियमों के विरुद्ध करीब 60 से अधिक दुकानों को ध्वस्त किया है।
- कशिश, स्ट्रीट वेंडर
वेंडिंग जोन में बैठे दुकानदार अपनी स्वेच्छा से दुकानों को दूसरी ओर स्थानांतरित कर सकते हैं। हालांकि, तोड़फोड़ कार्रवाई नहीं की जा सकती है। न्यायालय के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।
- द्वारका प्रसाद, जिला नोडल अधिकारी, नगर निगम वेंडिंग जोन
००
सेक्टर-15 बाजार से सभी रेहड़ी पटरी वालों को हटा दिया गया है। अगर दोबारा से कोई बाजार की पार्किंग में रेहड़ी-पटरी लगाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- राजेंद्र सिंह, एसडीओ सर्वे, एचएसवीपी