अलग-अलग बहाने बनाकर की गई ठगी
साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 8.03 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत देने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। ठगों ने टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे, क्रिप्टो करंसी में निवेश पर मुनाफा दिलाने समेत अन्य बहानों से ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत बल्लभगढ़ इलाके के रहने वाले अरुण कुमार ने दी है। इनका आरोप है कि 28 जुलाई को ठग ने इनसे टेलीग्राम पर संपर्क किया। आरोपी ने क्रिप्टो करंसी में निवेश पर मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने 3.60 लाख रुपये निवेश करा लिए लेकिन बाद में रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत बल्लभगढ़ इलाके के रहने वाले 27 साल के युवक ने दी है। युवक का कहना है कि 23 अक्तूबर को ठग ने इनके बैंक खाते से 49 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। इनकी जानकारी के बगैर ही बैंक खाते से ये ट्रांजेक्शन हो गई।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-19 के रहने वाले 22 साल के युवक रिषभ ने दी है। युवक का आरोप है कि 28 नवंबर से 2 दिसंबर के दौरान टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर इनसे ठगी कर ली गई। आरोपियों ने 97051 रुपये निवेश करा लिए लेकिन रिफंड नहीं दिया।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-30 के रहने वाले श्याम बाबू ने दी है। इनका कहना है कि 23 दिसंबर को ठग ने कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर संपर्क किया। आरोपी ने मोबाइल पर लिंक भेजकर इनके बैंक खाते से 99 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत एनआईटी इलाके की रहने वाली बुजुर्ग महिला ने दी है। इनका आरोप है कि 20 सितंबर को ठग ने इनकी जानकारी के बगैर ही बैंक खाते से 98730 रुपये ट्रांसफर कर लिए। बाद में रुपये कटने का मैसेज आया तो ठगी का पता चला।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत एनआईटी इलाके की रहने वाली महिला ने दी है। इनका कहना है कि 19 दिसंबर को इनकी जानकारी के बगैर ही बैंक खाते से 1 लाख रुपये कट गई। बाद में पता चला तो शिकायत पुलिस को दी गई।