पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पिछले कुछ दिनों में दो महिलाओं सहित 6 लोगों के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायतों पर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के एसी नगर में किराये पर रहने वाली 40 वर्षीय महिला 18 अप्रैल को बिना बताए घर से कहीं चली गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने चार मई को प्राथमिकी दर्ज की। वहीं, खेड़ीपुल थाना क्षेत्र की भारत कॉलोनी से 24 अप्रैल को एक 26 वर्षीय महिला अपने दो बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीड़ित पति ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें रोक कर रखने का शक जताया है, जिस पर पुलिस ने पांच मई को मामला दर्ज किया।
मुजेसर थाना क्षेत्र के तहत सेक्टर-24 स्थित एक कंपनी में काम करने गया 35 वर्षीय युवक 27 अप्रैल को लापता हो गया। भाई की शिकायत पर पुलिस ने एक मई को प्राथमिकी दर्ज की। इसी प्रकार एसजीएम नगर की राजस्थानी कॉलोनी से दो मई की शाम 13 वर्षीय किशोर लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद तीन मई को पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी मामलों में गुमशुदगी की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें हुलिए के आधार पर लापता लोगों की तलाश कर रही हैं और आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचित किया गया है।