एनटीपीसी में लगा प्रदेश का पहला ई-वाहन रिचार्जिग सिस्टम
फरीदाबाद। देश में 2030 तक जीवाश्म ईंधन आधारित वाहनों को समाप्त कर पूर्णतया इलेक्ट्रिक वाहन लाने के सरकार के लक्ष्य में एनटीपीसी ने एक कदम बढ़ाया है। इलेक्ट्रिक वाहनों को रिचार्ज करने वाला पहला रिचार्ज प्वाइंट शनिवार को एनटीपीसी के मुजेड़ी स्थित पावर प्लांट में शुरू किया गया। इलेक्ट्रिक वाहन रिचार्ज करने की सुविधा 25 मार्च से यहां आम आदमी को उपलब्ध होगी।
शनिवार को रिचार्ज प्वाइंट की शुरूआत करते हुए एनटीपीसी के जीएम अमिताभ राय बताया कि केंद्र सरकार ने पर्यावरण को बचाने के लिए 2030 तक सभी प्रकार के वाहनों को इलेक्ट्रिक बेस करने का लक्ष्य रखा है। इन वाहनों को रिचार्ज करने के लिए स्मार्ट प्लेटफार्म और आधारभूत संरचना की आवश्यकता है। इसकी तैयारी कंपनी ने कर ली है, इसके तहत एनटीपीसी परिसर में एक चार्जिंग पॉइंट सिस्टम लगाया गया है। इस सिस्टम में एक साथ 3 वाहन रिचार्ज हो सकेंगे। चार्जिंग की यह सुविधा अभी पूरी तरह से निशुल्क होगी। उन्होंने बताया कि लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को प्रेरित करने के लिए एनटीपीसी ने इलेक्ट्रिक बेस डेमो कार खरीदी है। यह कार 90 मिनट की चार्जिंग पर 120 से 130 किलोमीटर का सफर तय करेगी। एक बार की चार्जिंग में करीब 22 यूनिट बिजली की खपत आएगी।
यहां पर चार्जिंग प्वाईंट बनने के बाद देश के अन्य हिस्सों में भी निजी कम्पनियों के मार्फत चार्जिंग प्वाईंट लगाने काम शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर एजीएम एसके चटोपाध्याय, डीजीएम एचआर हरलीन सचदेवा, अजय गोयल, कुलवीर सिंह, मैनेजर एचआर सुनील राघव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।