फरीदाबाद। फरीदाबाद से केरल घरेलू सामान पहुंचाने के नाम पर ठगों ने एक बुजुर्ग से 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसजीएम नगर थाने में दी है। एसजीएम नगर निवासी पीड़ित ईके राजेंद्रन का बेटा केरल में रहता है। उन्होंने बताया कि वह वहीं शिफ्ट होना चाहते हैं। फर्नीचर सहित सभी घरेलू सामान को केरल भेजने के लिए उन्होंने ऑन लाइन एजेंसी का पता खोजा।
उन्हें इंडिया पैकर्स एंड मूवर्स नाम से एक एजेंसी का नंबर मिला। उन्होंने उस नंबर पर फोन किया। सामान को केरल शिफ्ट करने के लिए 50 हजार रुपये बुकिंग के रूप में भुगतान कर दिए। कुछ दिन बाद उनके घर पर एक ट्रक आया। दंपती ने अपना सारा सामान ट्रक में लोड करवा दिया और खुद ट्रेन से केरल के लिए रवाना हो गए। एजेंसी ने 15 दिन के अंदर सामान केरल पहुंचाने का वादा किया था। जब काफी दिन तक सामान नहीं पहुंचा तो दोबारा एजेंसी को कॉल किया। कहा गया कि सामान जल्द पहुंच जाएगा। करीब एक महीना बीतने के बाद भी जब उनका सामान नहीं पहुंचा तो उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ।