फरीदाबाद। साइबर ठगों के झांसे में कम पढ़े लिखे ही नहीं बैंक कर्मी भी आ रहे हैं। एक महिला बैंक कर्मी को मोबाइल एप के जरिये लोन लेना भारी पड़ गया। आरोपियों ने महिला की कुछ फोटो मांगी और एडिट कर अश्लील फोटो बना लिया। आरोपियों ने फोटो वायरल करने को नाम पर महिला को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित की अश्लील तस्वीरें कुछ रिश्तेदारों को भेज भी दीं। पीड़िता ने महिला थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई है।
बड़खल निवासी पीड़िता एक निजी बैंक में काम करती हैं। उन्हें पैसों की जरूरत थी। उन्होंने कैक्टस लोन एप के जरिये 20 हजार रुपये का लोन लिया था। जिसे उन्होंने तय समय सीमा में पैसा ब्याज सहित लौटा दिया था। इसके बावजूद उनसे और पैसा मांगा जा रहा था। साथ ही विदेशी नंबरों से धमकी भी दी जाने लगी। आरोपियों ने पीड़िता को धमका कर एक साल में 5.5 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने उसकी फोटो एडिट कर अश्लील तस्वीरें बनाई। इलके बाद ब्लैकमेल कर धीरे-धीरे पैसे ऐंठते रहे। आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल हैक कर रिश्तेदारों के नंबर निकाल लिए। पहले आरोपी एडिट अश्लील फोटो भेजकर धमकाते रहे। जब उसने और पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उसके एक रिश्तेदार को फोटो भेज दी। आरोपी बीते एक साल से उसे परेशान कर रहे थे। आरोपी अब इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे थे।