फरीदाबाद सोशल साइट्स पर दोस्ती कर पलवल के एक युवक को हनीट्रैप में फंसाकर उससे 10 हजार रुपये लूटने और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने डबुआ कॉलोनी निवासी अनिल, सामी, अलीगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी शैलेंद्र और डबुआ कॉलोनी निवासी युवती को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके पास से 37 सौ रुपये, एक मोबाइल फोन और लोहे के दो पाइप बरामद किए हैं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप मोर ने बताया कि पलवल निवासी महावीर की सोशल साइट पर एक युवती से दोस्ती हुई थी।
खुद को डबुआ कॉलोनी निवासी बताने वाली युवती ने महावीर को फोन कर दिवाली पर अपने घर बुलाया था। दिवाली के दिन महावीर सुबह 11 बजे युवती के घर पहुंच गया। आरोप है कि युवती और उसके साथी शैलेंद्र ने महावीर को बंधक बना लिया।
दोनों ने रॉड और लाठी डंडों से उसकी पिटाई की और जबरन कपड़े उतरवा लिए। कपड़ों में रखे दस हजार रुपये भी छीन लिए। निर्वस्त्र करने के बाद दोनों ने महावीर की कुछ अवांछित फोटो खींचीं। इसके बाद युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज करा जेल भिजवाने की धमकी देते हुए बचने के लिए दस लाख रुपये की मांग की। युवती और उसके दोस्त के चंगुल से बचकर छूटे महावीर ने डबुआ थाने में इनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।