20 से 26 जून के बीच की गई कार्रवाई, 6.82 लाख रुपये खातों में फ्रीज कराए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 20 से 26 जून के बीच एक सप्ताह में 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान साइबर थाना पुलिस ने 11 मामलों में कार्रवाई करते हुए 19.56 लाख रुपये बरामद किए हैं। वहीं 391 साइबर शिकायतों का निस्तारण कर 6.82 लाख रुपये विभिन्न खातों में फ्रीज कराए गए हैं।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में तीनों साइबर थानों की टीमों ने यह कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में साइबर थाना एनआईटी के छह, साइबर थाना सेंट्रल के तीन और साइबर थाना बल्लभगढ़ के दो मामलों से जुड़े आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में विश्वास उर्फ जाय, सुजीत कुमार मंडल, अमित कुमार, सुयश मिश्रा, रविंद्र शर्मा, मनीष सैनी, शुभम, सुभाष, अरबाज खान, आशुतोष, अमित कश्यप, संजय, नीलू सिंह गुर्जर, अरुण, अवतार, अमन, प्रिंस, तेजश, राहुल अवस्थी, संदीप, नदीम, राम हर्ष, हर्षित मिश्रा, बिजेंद्र सिंह, गोपाल दान, नागपाल सिंह, गगन, अनिल, गुरजंट सिंह, अमित सिंह, सुरेंद्र सिंह, जावेद अली, बलजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, पूजा शर्मा, कमल किशोर, जतिन बाबू, राहुल गुप्ता व दो अपचारी बालक शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान में शेयर बाजार में निवेश, टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने और घर बैठे अधिक कमाई का लालच देकर साइबर ठगी की घटनाएं सबसे अधिक सामने आ रही हैं। लोग बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के निवेश कर अपनी जमा पूंजी गंवा रहे हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और अधिक मुनाफे के लालच से बचें। साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते रकम फ्रीज कराने और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।