पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में सेक्टर 16 निवासी एक व्यक्ति ने ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। आरोपियों ने एक कंपनी में निवेश करने पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर व्यक्ति से निवेश करवाया। जब रुपये वापस निकालने में आरोपियों द्वारा आनाकानी की जाने लगी, तो उसे अपने साथ ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 16 निवासी महेंद्र पाल शर्मा ने साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि टेलीग्राम पर एक महिला मैसेज कर बातचीत करने लगी। उसने एक कंपनी में रुपये लगाकर अच्छा मुनाफा कमाने का आश्वासन दिया। उसने बैंक का स्टेटमेंट और मुनाफे का ब्यौरा भेजा। जिसपर विश्वास कर दिसंबर 2023 में पैसे लगाएं। उसने कुछ समय बाद मुनाफे के साथ करीब 10 हजार की राशि वापस खाते में भेज दी। आरोपियों ने ज्यादा पैसे कमाने के लिए 4-5 हजार डॉलर लगाने के कई तरह के प्लान बताएं।
जिन प्लान से झांसे में आकर धीरे-धीरे कर करीब 4 लाख रुपये लगा दिए। जब उस रुपये को मुनाफे सहित निकालने की कोशिश की तो आरोपी कई तरह के बहाने बनाने लगे। उनके द्वारा 24 लाख रुपये निवेश करने के बाद ही रुपये वापस निकालने की बात कहीं जाने लगी। जिसके बाद पता चला आरोपी महिला अन्य लोगों के साथ मिलकर साइबर ठगी का गिरोह चलाती है। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में महेंद्र पाल शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई। साइबर पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।