फरीदाबाद। साइबर ठगों ने सेक्टर-16ए निवासी एक व्यक्ति से ई-वालेट ऐप अपडेट करने का झांसा देकर 25 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित विनीत बंसल ने पुलिस को बताया कि 19 जुलाई को उनके पास ई-वालेट ऐप अपडेट करने के लिए फोन आया। विनीत फोन करने वाले की बातों में आ गए और उन्होंने ऐप अपडेट के लिए हां कर दिया।
आरोपी ने उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, खाते से दो बार में 20 हजार रुपये निकल लिए। इसके बाद ठग ने कहा कि उनका पैसा निकला नहीं है, बल्कि ई-वॉलेट हैक हो गया है। इसके कुछ देर बाद उनके खाते से पांच हजार रुपये फिर से निकल गए। साइबर सेल की जांच के बाद सेक्टर-17 पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। (संवाद)