कुछ स्कूलों के नए भवन बनाने के साथ, कमरों का होगा नवीनीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के 16 सरकारी स्कूलों के पुनर्निर्माण एवं नवीनीकरण पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए सरकार ने पैसे जारी कर दिए हैं।
विधायक नीरज शर्मा ने बताया कि एनआईटी विधानसभा के लगभग 16 सरकारी स्कूलों की जर्जर हालत को देखते हुए उनके पुनर्निर्माण एवं नवीनीकरण के लिए लगभग 25 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। विधायक ने बताया कि स्कूलों की मांग को लेकर 16 अगस्त 2022 को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव से मिले थे। विधायक ने बताया कि सभी फाइलों को पास कर दिया गया है। इसमें स्कूल की नई बिल्डिंग बनाने के लिए राजकीय स्कूल धौज के लिए 48919739 रुपये, गांव सारन के स्कूल के लिए 48919739 रुपये एवं गांव मांगर के स्कूल के लिए 60 लाख के बजट को स्वीकृती मिली है। नीरज शर्मा ने कहा कि सेंट्रल स्कूलों की तर्ज पर इनकी बिल्डिंगों को बनाया जाएगा और उसी प्रकार का माहौल बच्चों को मिलेगा। इसके अतिरिक्त वर्ष 2022-23 में गांव फतेहपुरतगा, गांव झाडसैतली, गांव गोंछी, सेक्टर-55, गांव मांगर, गांव नंगला गुजरान, गांव टीकरी खेडा के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये पहले की जारी हो चुके हैं। पहले चरण में इन स्कूलों में नवीनीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य किए जाएंगे। विधायक ने कहा कि गांव पांवट के स्कूल में आठ कमरों के लिए, जीएसएस खोरी जमालपुर में 12 कमरों के लिए, जीएमएस खोरी जमालपुर स्कूल के 14 कमरों, जीएमएस टीकरी खेडा स्कूल के नौ कमरों, जीपीएस टीकरीखेडा के लिए 5 कमरों, जीएमएस सिरोही स्कूल के 8 कमरों, जीपीएस आलमपुर के 14 कमरों, जीपीएस गजीपुर के आठ कमरों, जीपीएस कोट के दो कमरों का प्रस्ताव निदेशक शिक्षा विभाग चंडीगढ़ भेजा हुआ है। इसकी लागत लगभग 12 करोड़ रुपये है। जल्द ही राशि स्वीकृति के उपरांत कमरों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।