केजीपी पर टक्कर से दो ट्रकों में लगी आग
बल्लभगढ़। कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) हाईवे पर शनिवार आधी रात के बाद मोहना गांव के पास खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रक के चालक ने टक्कर मार दी। इससे दोनों ट्रकों में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां आग पर काबू पाया। घटना में खड़े ट्रक का चालक भी घायल हो गया। उसे पलवल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर मारने ट्रक के चालक व परिचालक फरार हो गए। थाना छांयसा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार आधी रात के बाद करीब दो बजे मोहना गांव के पास केजीपी पर नोएडा से पलवल जा रहा लकड़ी से भरा ट्रक पंचर हो गया। चालक ने ट्रक को साइड में खड़ा कर परिचालक की मदद से पहिया बदलने लगा। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे दूसरे ट्रक के चालक ने खराब ट्रक में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगने के कारण खड़े ट्रक में आग लग गई। कुछ ही देर में दूसरा ट्रक भी उसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना पुलिस और फायर बिग्रेड को दी गई। मौके पर पलवल व बल्लभगढ़ से पहुंची फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में खड़े ट्रक का चालक लक्ष्मण घायल हो गया। उसे पलवल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।