फरीदाबाद। जिले में रविवार को 79 परीक्षा केंद्रों पर 21312 अभ्यार्थियों के लिए हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचसीएस) की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए जिले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। प्राथमिक लिखित परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के लिए विभागीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने दी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण आयोजित कराने के लिए केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट, ट्रांजिट अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों को तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्र पर सुबह 8.30 से प्रवेश शुरू हो जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले प्रवेश कक्ष में जाने की स्वीकृति नहीं होगी। परीक्षा कक्ष में अभ्यार्थियों को सिर्फ प्रवेश पत्र और सरकारी पहचान पत्र ले जाने की स्वीकृति होगी। पहले चरण की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरे चरण की परीक्षा 3 बजे से सांय 5 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसडीएम बल्लभगढ़, एसडीएम बड़खल और एसडीएम फरीदाबाद को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। संवाद