निगम की तरफ से डीपीआर बनाने का काम शुरू, लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा
मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। नगर निगम की तरफ से फरीदाबाद के पांच डिवीजन में करीब 100 किलोमीटर की सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने की योजना है। इसी कड़ी में सबसे पहले एनआईटी में 20 किलोमीटर की सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निगम की तरफ से इसके लिए डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। यह परियोजना क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
निगम के अनुसार कंसल्टेंसी फर्म को 20 किलोमीटर की स्मार्ट रोड परियोजना की डीपीआर तैयार करने के लिए 120 दिनों का समय दिया गया है। डीपीआर में सड़क का विस्तृत मास्टर प्लान शामिल होगा जो सड़क निर्माण, परिवहन प्रणाली और शहरी डिजाइन के अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
साइकिल चलाने के लिए उचित ट्रैक भी बनाया जाएगा
इस परियोजना का प्राथमिक फोकस पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों की सुरक्षा और सुविधा पर है। स्मार्ट रोड पर पैदल व साइकिल चलाने के लिए उचित ट्रैक भी बनाया जाएगा। अभी कई स्थानों पर पैदल चलने के लिए फुटपाथ व ट्रैक न होने के कारण लोग मुख्य सड़कों पर पैदल चलते हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। मुख्य रूप से बच्चों, बुजुर्गों और विकलांग लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्मार्ट रोड के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
अभी सड़क के मुख्य कारकों पर हो रहा है काम
अभी निगम की तरफ से इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी फर्म के साथ मिलकर सड़क निर्माण के मुख्य पहलुओं पर काम किया जा रहा है। इसमें विस्तृत जियोमेट्रिक डिजाइन, फुटपाथ डिजाइन, चौराहों में सुधार और यातायात प्रबंधन योजनाएं शामिल है। इसके साथ सड़क के साथ नालों का डिजाइन इस प्रकार किया जाएगा जिससे जलभराव की समस्या न हो। इसके लिए तूफानी जल निकासी नेटवर्क डिजाइन किया जाएगा। इन सभी के साथ लोगों की सुरक्षा व पर्यावरण का ध्यान रखते हुए विकास कार्य किया जाएगा।
शहर की सभी सड़कें होगीं स्मार्ट
निगम की तरफ से इलाके की सभी मुख्य सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इससे इलाके में जलभराव के साथ जाम व गड्ढों की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। निगम के बाद अन्य विभाग भी अपने अधिकार क्षेत्र में इस तरह की योजना लागू कर सकते हैं। निगम से पहले एफएमडीए ने भी अनखीर चौक के पास इसी प्रकार की स्मार्ट रोड बना रखी है। लेकिन निगम इस परियोजना को बड़े स्तर पर लागू करने जा रहा है।
इन स्थानों पर पहले से बनाई जा चुकी है स्मार्ट रोड
फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कुछ सड़कें स्मार्ट रोड में बदल दी गई हैं वहीं कुछ पर अभी काम चल रहा है। बड़खल चौक से बाईपास तक की सड़क शहर की पहली स्मार्ट रोड है। इसके साथ सेक्टर-28 की मुख्य सड़क भी स्मार्ट रोड बनाई गई है। ओल्ड फरीदाबाद चौक भी स्मार्ट रोड परियोजना का हिस्सा है, जहां बागवानी और लाइटिंग का काम भी किया गया है।
विकास के साथ बढ़ेगी हरियाली व लाइटिंग
इस परियोजना में लाइटिंग और हरियाली की योजनाएं भी शामिल हैं। स्मार्ट रोड के दोनों तरफ साइकिल ट्रैक के साथ फुटपाथ व हरियाली भी विकसित की जाएगी। इससे लोगों को सड़क पर जाम से राहत मिलने के साथ हरियाली का भी आनंद मिलेगा। इससे शहर के प्रदूषण में भी कमी आएगी। वहीं निगम की तरफ से सड़कों के किनारे ऐसे पेड़ व पौधे लगाए जाएंगे जो प्रदूषण पर अधिक प्रभावी होने के साथ देखने में भी काफी सुंदर होंगे। वहीं पूरे शहर में एलईडी लाइटिंग का काम भी शुरू किया जा चुका है। स्मार्ट रोड के डिजाइन के आधार पर हर कोने को रोशन करने के लिए लाइटिंग लगाने की योजना है।
फरीदाबाद में नगर निगम लोगों की सुविधा के लिए तेजी से काम कर रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को इन सभी परियोजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। - निगम आयुक्त, धीरेंद्र खड़गटा