पटाखे रखने या बेचने का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 198 किलो अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इन मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास पटाखे रखने या बेचने का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था।
पहली कार्रवाई में, अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने एक नवंबर की सुबह विकास नामक व्यक्ति को पकड़ा। उसे सराय ख्वाजा में बजरंग चौक के पास कार सहित पकड़ा गया। तलाशी में कार से 125 किलो 233 ग्राम पटाखे मिले। पुलिस ने पटाखों के साथ कार भी कब्जे में ले ली। विकास के खिलाफ सराय ख्वाजा थाने में एक नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई। दूसरी कार्रवाई 31 अक्तूबर की रात हुई। अपराध शाखा एवीटीएस-2 भूपानी की टीम ने वजीरपुर गांव से राकेश को गिरफ्तार किया। राकेश गोदाम के बाहर चार कट्टों में 73 किलो 780 ग्राम पटाखे बेच रहा था। खेड़ी पुल थाने में 31 अक्तूबर को उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों मामलों में विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।