जिले में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने की सख्ती
विज्ञापन
राहुल राज फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने डीजल जनरेटर (डीजी) सेट के इस्तेमाल पर सख्ती की है। सीएक्यूएम ने फरीदाबाद जिले के 123 संस्थानों के 184 डीजी सेट सील करने के निर्देश दिए हैं। इनमें फरीदाबाद के 93 संस्थानों के 175 जनरेटर में से 145 और बल्लभगढ़ के 30 संस्थानों के 48 जनरेटर में से 39 को सील करने के आदेश शामिल हैं।
आदेश के बाद जिले में अब तक 98 डीजी सेट सील किए जा चुके हैं, जबकि 84 पर कार्रवाई होनी बाकी है। सीलिंग के दायरे में मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, ऑटो पार्ट्स, मेटल, पेंट, केमिकल, प्लास्टिक और कपड़ा उद्योग से जुड़ी औद्योगिक इकाइयां शामिल हैं। इसके अलावा शोरूम, मॉल, कार्यालय और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे जनरेटर भी सीएक्यूएम के निर्देशों के दायरे में हैं। अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों के साथ होटल, बैंक्वेट हॉल और अन्य आयोजन स्थलों के डीजी सेटों को भी सील करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
रोजाना 2,325 किलो प्रदूषक छोड़ रहे डीजी सेट
गौरतलब है कि औद्योगिक नगरी की हवा को प्रदूषित करने में डीजल जनरेटर (डीजी) सेट भी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। ऊर्जा और संसाधन संस्थान (टेरी) के रिपोर्ट के अनुसार, शहर में डीजी सेट प्रतिदिन 2,325 किलोग्राम प्रदूषकों का उत्सर्जन कर रहे हैं। ये जनरेटर औसतन रोजाना ढाई घंटे संचालित होते हैं। इनमें सबसे अधिक 1,558 किलोग्राम नाइट्रोजन ऑक्साइड निकलती है, जो शहर के कुल उत्सर्जन का करीब सात प्रतिशत है। इसके अलावा 336 किलोग्राम कार्बन मोनोऑक्साइड, 127 किलोग्राम एनएमवीओसी, 109 किलोग्राम पीएम-10, 102 किलोग्राम सल्फर डाइऑक्साइड और 93 किलोग्राम पीएम-2.5 का उत्सर्जन होता है। शहर में पांच केवीए से लेकर 7,250 केवीए क्षमता तक के डीजी सेट संचालित हैं।