दूल्हा-दुल्हन ने लगाया हिंदुस्तान जिंदाबाद के नाम का आठवां फेरा
फरीदाबाद। श्रीमहारानी वैष्णोदेवी मंदिर समिति के तत्वावधान में सातवें सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर संस्थान में शहर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में सभी जोड़ों ने फेरे लिए। सामूहिक विवाह समारोह की खास बात यह रही कि सभी जोड़ों को सात की बजाए आठ फेरे दिलवाए गए।
मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया के विशेष आग्रह पर सभी वैवाहिक जोड़ों ने आठवां फेरा देशभक्ति के नाम पर लिया। भारत द्वारा पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने पर जोरदार हमले के मद्देनजर इस विवाह सम्मेलन में भी उपस्थित सभी लोगों के भीतर देशभक्ति का जज्बा दिखाई दिया। आठवां फेरा हिंदुस्तान जिंदाबाद व पाकिस्तान मुर्दाबाद के नाम रहा। विवाह आयोजन से पहले शहर में सभी 32 दूल्हों की बारात निकाली गई। इसमें नाचते-गाते बैंडबाजे की साथ दूल्हे व उनके बाराती मंदिर संस्थान में पहुंचे। मंदिर प्रागंण में पहुंचने पर बारातियों का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर मंदिर के प्रधान जगदीश भाटिया, पूर्व विधायक चंदर भाटिया, पूर्व पार्षद योगेश ढींगरा, गिर्राजदत्त गौड़, वेद प्रकाश कुकरेजा, वेद भाटिया, फकीरचंद कथूरिया हरबंस बांगा, अशोक भाटिया, बलदेव मास्टर, राहुल मक्कड, एसी भाटिया, ललित गुप्ता ने सभी जोड़ों को आर्शीवाद देकर उनके सुखद भविष्य की कामना की।