एनएसयूआई का नेहरू कॉलेज के बाहर प्रदर्शन
कालेजों में बीस फीसदी सीट बढ़ाने की मांग, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
भाजपा सरकार में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़: कृष्ण अत्री
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कालेजों में बीस फीसदी सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर एनएसयूआई ने आंदोलन शुरू कर दिया है। बुधवार को नेहरू कॉलेज गेट के बाहर एनएसयूआई के प्रदेश सचिव कृष्ण अत्री के नेतृत्व में छात्रों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा का पुतला भी फूंका गया।
एनएसयूआई प्रदेश सचिव कृष्ण अत्री के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र नेहरू कॉलेज पर इक्कठा हुए। इसके बाद एमडीयू के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मैगपाई चौक तक गए। वहां छात्रों ने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर रोष जताया। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव ने कहा कि कम सीटे होने की वजह से भारी संख्या में छात्रों को दाखिला नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में स्नातक कक्षाओं में 20 सीटें बढ़ा कर छात्रों को राहत देनी चाहिए। इससे पूर्व भी ज्ञापन और प्रदर्शन के माध्यम से सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को चेताया गया, मगर खट्टर सरकार में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इस अवसर पर सुनील मिश्रा, विकास फागना, रोहित कबीरा, गौरव कौशिक, आरिफ खान, चेतन, गुलशन, मोहित, अभिषेक, सौरभ नंदा, अक्की पंडित, साहिल खान, उमेश, शिवम आदि मौजूद रहे।
----
ब्यूरो